20 सितंबर 2023 - 09:53
संयुक्त राष्ट्र में ईरानी राष्ट्रपति के ऐतिहासिक संबोधन ने पश्चिमी दुनिया का चेहरा किया बेनकाब, ज़ायोनी अधिकारी को सभा से बाहर निकाला गया

ईरान के बारे में हजारों फर्जी खबरों और रिपोर्टों के उत्पादन और प्रकाशन के बावजूद, ईरान के बारे में महत्वपूर्ण तथ्यों को दुनिया भर में सेंसर किया जा रहा है। क्या आपने ईरानी लोगों पर रासायनिक हमलों के बारे में कुछ सुना है? सद्दाम को ये रासायनिक हथियार कुछ पश्चिमी देशों ने दिए थे।


संयुक्त राष्ट्र के 78वें वार्षिक सत्र के दौरान विभिन्न देशों के प्रमुखों की मौजूदगी में ईरान के राष्ट्रपति आयतुल्लाह सय्यद इब्राहीम रईसी ने अपने ऐतिहासिक संबोधन में संयुक्त राष्ट्र के कानूनी कर्तव्यों की याद दिलाई और वैश्विक साम्राज्यवाद पर हमला बोला।

राष्ट्रपति रईसी ने अपने संबोधन में कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय संगठन के गठन के लगभग 8 दशकों के बाद यह बैठक उन परिस्थितियों में हो रही है जब दुनिया अभूतपूर्व परिवर्तनों और ऐतिहासिक घटनाओं का सामना कर रही है।

संयुक्त राष्ट्र का ध्यान हाल ही में हो रहे पवित्र कुरान के अपमान और इस्लामोफोबिया की ओर आकर्षित करते हुए, ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि उच्च मूल्यों पर ध्यान देना मानव समाज के भविष्य की गारंटी देता है। अल्लाह के पवित्र ग्रन्थ के अलावा ऐसा क्या है जो मानवता और मानवीय मूल्यों का वर्णन कर सके?

पवित्र कुरान सर्वशक्तिमान अल्लाह की किताब है जो मनुष्य को तर्कसंगतता, अर्थ, न्याय और नैतिकता में विश्वास रखने के लिए आमंत्रित करती है। कुरान के अनुसार, तीन चीजें मानवता के विकास और खुशहाली की गारंटी देती हैं; एकेश्वरवाद, न्याय और मानवीय गरिमा। आख़िर क़ुरान ने ऐसा क्या कहा है, जो अहंकारियों और शासक वर्ग के दिलों में नफरत पैदा कर रहा है?

इब्राहीम रईसी ने ईरान के आंतरिक हालात और वैश्विक साम्राज्यवादी साजिशों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछला साल ईरानी राष्ट्र की सफलता का साल था। कुछ पश्चिमी देशों और उनकी ख़ुफ़िया सेवाओं ने पिछले साल एक बार फिर ईरान के बारे में ग़लत अनुमान लगाया और गलत आकलन किया। उन्होंने एक बार फिर ईरानी राष्ट्र की ताकत को गलत आँका। इस्लामी क्रांति की सफलता के बाद से ईरान के ख़िलाफ़ विभिन्न हथकंडे अपनाए गए हैं। पिछले 45 वर्षों से, ये साज़िशें विफल रही हैं, जबकि ईरानी राष्ट्र लगातार सफल हो रहा है।

उन्होंने कहा कि ईरान के बारे में हजारों फर्जी खबरों और रिपोर्टों के उत्पादन और प्रकाशन के बावजूद, ईरान के बारे में महत्वपूर्ण तथ्यों को दुनिया भर में सेंसर किया जा रहा है। क्या आपने ईरानी लोगों पर रासायनिक हमलों के बारे में कुछ सुना है? सद्दाम को ये रासायनिक हथियार कुछ पश्चिमी देशों ने दिए थे।

क्या आपने 35 वर्षों से अस्पतालों में इलाज करा रहे इन हमलों के पीड़ितों की तस्वीरें देखी हैं जो आज भी इस दर्दनाक पीड़ा को झेल रहे हैं? क्या आपने अमेरिका और पश्चिमी देशों के प्रतिबंध के कारण विभिन्न बीमारियों से पीड़ित बच्चों की तस्वीरें देखी हैं? क्या आपने ईरानी लोगों का धैर्य और साहस देखा है?